Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसागरियाबंदछत्तीसगढ़
Trending

नुआखाई की रात महिला की हत्या से सनसनी, संदेह में युवक हिरासत में

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद/छुरा। छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम छतरमड़ई में नुआखाई पर्व की रात 37 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

हत्या के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम छतरमड़ई निवासी रतनी सोरी पति गंगाराम सोरी की हत्या हुई है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले ग्रामीणों ने हत्या के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया था। पुलिस के पहुंचने पर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए छुरा भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

विवाद के बाद हत्या की आशंका

सूत्रों के हवाले से महिला और हिरासत में लिए गए युवक के बीच कथित संबंध होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बताया जा रहा है कि घटना की रात युवक महिला से मिलने पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button