खेतों से मेडिकल कॉलेज तक पंकज की उड़ान, नीट में शानदार सफलता

बसना। किसान परिवार की मेहनत, बेटे के सपने और कड़ी लगन ने मिलकर सफलता की नई कहानी लिख दी। बसना विकासखंड के ग्राम जगत भूकेल निवासी पंकज साव ने नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश हासिल किया है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर मेडिकल कॉलेज तक पहुंचे पंकज की उपलब्धि से परिवार के साथ गांव और तेली समाज में भी खुशी की लहर है। पंकज शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने संत चार्ल्स स्कूल, बसना से कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 75 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। डॉक्टर बनने के लक्ष्य को लेकर उन्होंने भिलाई के बाद कोटा, राजस्थान में कोचिंग लेकर नीट की तैयारी की।
कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच नियमित अध्ययन और मेहनत के दम पर उन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल की और अब डॉक्टर बनने की दिशा में पहला बड़ा कदम बढ़ाया है। पंकज की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार का निरंतर सहयोग रहा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पिता गुणनिधि साव, माता सुमित्रा साव, दादी सुखोबाई साव और बड़े भाई दीपक साव को दिया।
कृषक परिवार से निकलकर मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने की उनकी कहानी ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य तय करते हैं। पंकज के चयन पर तेली साहू समाज परिक्षेत्र भंवरपुर के सामाजिक पदाधिकारियों ने उनके घर पहुंचकर शाल श्रीफल से सम्मान किया और बधाई दी।
इस दौरान परिक्षेत्र अध्यक्ष अजीत साव ने कहा कि पंकज ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से परिवार के साथ समाज का भी गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मां कर्मा और भगवान जगन्नाथ की कृपा पंकज पर बनी रहे और वे आगे चलकर एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज व देश की सेवा करें।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष स्वराज साव, सचिव गुप्त राम साव, नवीन साव, जगदीश साव, दाताराम साव, गजलाल साव, सुरित साव, संतलाल साव, रामप्रसाद साव, छबिलाल साव और विष्णु साव सहित बड़ी संख्या में सामाजिकजनों की उपस्थिति रही।



