खेत की धान फसल काटकर ले जाने पर बवाल, विरोध करने पहुंचे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला; तीन घायल

सांकरा। पैतृक खेत में बोई गई धान की फसल को कथित रूप से काटकर ले जाने का विरोध करना एक किसान परिवार को भारी पड़ गया।
फसल चोरी की शिकायत लेकर पहुंचे परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। हमले में किसान, उसकी मां और दादी घायल हो गईं। आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम शंकरपुर निवासी किसान ने अपने दादा शांत कुमार नाग के नाम पर स्थित पैतृक कृषि भूमि भालुडोंगर में इस वर्ष धान की फसल लगाई थी।
11 नवंबर की शाम गांव के राजकुमार सेठ ने घर पहुंचकर बताया कि खेत में लगी धान की फसल को घासीराम सतनामी, गणेशराम सतनामी और खगेश्वर सतनामी निवासी बनडबरीडीपा काटकर अपने घर ले गए हैं।
यह खबर मिलते ही किसान अपने पिता सूरज नाग, मां माधुरी नाग, दादी बुधियारीन नाग और दादा शांत कुमार नाग के साथ खेत पहुंचा। वहां फसल कटी हुई मिली। इसके बाद परिवार के लोग बनडबरीडीपा पहुंचे और आरोपियों से अपनी फसल काटकर ले जाने का कारण पूछा।
फसल के विवाद ने लिया मारपीट का रूप
शिकायत के मुताबिक, फसल काटने को लेकर पूछताछ करते ही विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीनों लोगों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के तथा डंडे से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मारपीट में शिकायतकर्ता के सिर में चोट आई, जबकि उसकी मां माधुरी नाग के पीठ और सीने तथा दादी बुधियारीन नाग के सिर में चोटें लगीं। घटना के दौरान निर्मल भोई, राजकुमार सेठ, श्यामकुमार सेठ और भगवानो विश्वकर्मा मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना देखी और बीच-बचाव किया।
पीड़ित परिवार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।



