Follow Us on Our Social Media
Trending Newsओडिशागरियाबंदछत्तीसगढ़

देवभोग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से अवैध रूप से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 192 कट्टा धान जब्त, तीन पिकअप वाहन पकड़ाए

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद। जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना देवभोग पुलिस की टीम ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में अवैध रूप से धान लेकर आ रहे तीन महिंद्रा पिकअप वाहनों को पकड़कर कुल 192 कट्टा धान सहित तीनों वाहनों को जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ओडिशा राज्य से छत्तीसगढ़ की ओर अवैध रूप से धान परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर देवभोग पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र के ग्राम भरवामुड़ा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान तीन महिंद्रा पिकअप वाहनों में धान का परिवहन करते पाया गया।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG04HQ8391 में 70 कट्टा, CG10AS4954 में 62 कट्टा तथा CG07BV7673 में 60 कट्टा धान लोड मिला। इस प्रकार तीनों वाहनों से कुल 192 कट्टा धान बरामद किया गया।

पुलिस ने वाहन चालकों से धान के परिवहन एवं स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया। हालांकि, चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने धान सहित तीनों पिकअप वाहनों को जब्त कर थाना देवभोग में सुरक्षार्थ रखा है।

मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), देवभोग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर

गरियाबंद पुलिस द्वारा ओडिशा से लगे सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान परिवहन सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button