स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का डंका, रायपुर-बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय सम्मान; बिल्हा देश में प्रथम

रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और नगर पंचायत बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने यह सम्मान ग्रहण किया।
इस उपलब्धि में सबसे खास बात यह रही कि बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया।
वहीं बिलासपुर शहर ने ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। राजधानी रायपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।
बिल्हा ने छोटे शहरों में रचा इतिहास
नगर पंचायत बिल्हा की राष्ट्रीय स्तर पर पहली रैंकिंग ने यह साबित कर दिया कि बेहतर प्रबंधन, जनभागीदारी और स्वच्छता के प्रति मजबूत इच्छाशक्ति से छोटे शहर भी देशभर में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बिल्हा की इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन के जरिए स्वच्छ एवं विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प पूरा किया जाएगा।
अरुण साव बोले- सामूहिक प्रयासों का मिला सम्मान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



