प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, गुरु नानक देव जी के दरबार में टेका मत्था

कवर्धा। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सिख समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु साहिब के दरबार में उपस्थित होकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, समानता, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए प्रेरणा देती हैं। उनका संदेश आज भी समाज में भाईचारा, एकता और मानवता की भावना को मजबूत करने का काम कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी के संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संदेश हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्श सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और मानव कल्याण की मजबूत नींव हैं। उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।
इस अवसर पर सिख समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



