छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठिठुरन! अगले दो दिनों में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा, सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है, जबकि दोपहर में हल्की गर्मी बनी हुई है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने के संकेत दिए हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
रायपुर में मौसम रहेगा साफ
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है। अनुमान के मुताबिक 28 नवंबर तक रायपुर का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ेगा।
सुकमा में सबसे अधिक तापमान दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान सुकमा में 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सरगुजा में घने कोहरे की चेतावनी
सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना भी नहीं जताई गई है।



