अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

PMGSY सड़क निर्माण के नाम पर जंगलों पर चल रहा बुलडोजर, अवैध मुरुम उत्खनन के आरोप

बीजापुर, 09 जून। बीजापुर विकासखंड के तुमनार पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्माणाधीन सड़क परियोजना को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

तराईपारा से तुमनार तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के दौरान वन भूमि से कथित रूप से अवैध मुरुम उत्खनन किए जाने के आरोप सामने आए हैं, जिससे वन क्षेत्र और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य कर रही सुकमा की एसजेएच कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा वन भूमि एवं तालाब की मेड़ के किनारे से बड़े पैमाने पर मुरुम निकाला जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस उत्खनन के चलते जंगल क्षेत्र में पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण की आड़ में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी की जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित ठेकेदार का नाम पहले भी नेशनल पार्क क्षेत्र में कथित अवैध मुरुम खनन के मामलों में सामने आ चुका है। ऐसे में मौजूदा मामले ने स्थानीय स्तर पर चिंता और बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वन संपदा को गंभीर क्षति पहुंच सकती है।

मामले में वन विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जंगलों को नुकसान पहुंचने और अवैध खनन के आरोपों के बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। वन संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों और अमले की निष्क्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

सूत्रों का दावा है कि वन विभाग की कार्रवाई और संभावित पेनल्टी से बचने के लिए अब दिन के बजाय रात के अंधेरे में मुरुम उत्खनन किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और वन विभाग की जांच तथा संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button