जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में वंशिका कश्यप ने लहराया परचम, द हाइट्स स्कूल में खुशी की लहर

खबरी न्यूज ब्यूरो
मैनपुर (गरियाबंद)। द हाइट्स इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, मैनपुर की मेधावी छात्रा वंशिका कश्यप ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वंशिका के चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया।जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
वंशिका की इस सफलता पर विद्यालय परिवार ने उनका पुष्पगुच्छ एवं मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय के संचालक मोहम्मद हफीज अंसारी, उप-संचालक श्रीमती नाहिद अख्तर खान, प्राचार्य गिरिजा शंकर शर्मा एवं उप-प्राचार्य सुश्री चमेली कश्यप ने वंशिका को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि वंशिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नियमित तैयारी भी कराई जाती है। वंशिका की सफलता इसी शैक्षणिक मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है।
शिक्षकों ने कहा कि वंशिका की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता से विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उत्साह और मेहनत करने का जज्बा बढ़ेगा।विद्यालय परिवार ने वंशिका कश्यप को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।