अपराध / हादसाछत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

बकरी को लेकर विवाद: महिला से गाली-गलौज, डंडा लेकर दौड़ाया, जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

बसना। बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेदनीपुर में बकरी को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला से कथित रूप से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और डंडा लेकर दौड़ाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर के मुख्य दरवाजे से बाहर निकली थीं। उस समय उनका पुत्र देवेश पटेल घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव का बिहारी पटेल करीब 15-20 बकरियों को चराकर गली से वापस ला रहा था।

महिला के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे से कहा कि वह घर के अंदर चला जाए, नहीं तो बकरी का सींग लग सकता है। इसी बात से नाराज होकर बिहारी पटेल ने कथित तौर पर महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडा लेकर उनकी ओर दौड़ा।

महिला का आरोप है कि वह और उनका पुत्र किसी तरह जान बचाकर घर के अंदर घुस गए। घटना को उनकी बेटी रिंकी पटेल सहित पड़ोसी शकुंतला पटेल, उर्मिला पटेल एवं अन्य लोगों ने देखा और सुना।

पीड़िता ने बताया कि बाद में जब उनके पति खेत से लौटे तो उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने बसना थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button