
रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। योजना के अंतर्गत सभी लाभार्थियों का e-KYC कार्य 3 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में e-KYC की प्रक्रिया ग्राम पंचायत भवन में तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालय में पूरी की जाएगी। हितग्राहियों से निर्धारित स्थान पर पहुंचकर समय पर अपनी e-KYC प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की गई है।
विशेष रूप से यह ध्यान रखने की बात है कि e-KYC तभी संभव होगा, जब योजना में पंजीकृत नाम और आधार कार्ड में दर्ज नाम पूरी तरह से समान हो। नाम में किसी भी प्रकार का अंतर होने पर प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी।
इसलिए सभी हितग्राहियों को सलाह दी गई है कि वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर योजना में दर्ज नाम का मिलान कर लें। यदि नाम में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो उसे सुधारने के लिए जिला महिला एवं बाल विकास विभाग में आवेदन प्रस्तुत करें।
विभाग ने सभी हितग्राहियों से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।



