

गरियाबंद, 04 जून 2026। राज्य शासन की जनकल्याणकारी सोच एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत प्रदेशभर में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मैनपुर विकासखंड के गौरघाट में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।शिविर में दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं मांग संबंधी आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। कुल 14 गांवों के नागरिकों द्वारा 400 से अधिक आवेदन सौंपे गए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही परीक्षण कर निराकरण कर दिया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी तत्काल प्रदान किया गया। सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया।शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने कहा कि शासन का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई पुल-पुलिया स्वीकृत हैं, जिनमें कुछ का निर्माण कार्य जारी है तथा कुछ निविदा प्रक्रिया में हैं। इसके साथ ही 12 नवीन उपस्वास्थ्य केंद्रों के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की कि प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राहियों के नाम ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाएं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे उर्वरकों के वैकल्पिक साधनों जैसे नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का संतुलित उपयोग करें। साथ ही एग्रिस्टेक पंजीयन को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का भी आग्रह किया।जिला पंचायत सदस्य श्री संजय नेताम ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अमला आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने नल-जल, बिजली एवं आवास जैसी मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया।

शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक गर्भवती महिला की गोदभराई रस्म संपन्न कर उपहार प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र प्रदान किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 8 वर्षीय बालिका दामिनी ध्रुव सहित 05 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोहीना नेताम, उपाध्यक्ष श्रीमती नंदकुमारी राजपूत, जनपद सदस्य कुमारी बाई पटेल, श्री सुखचंद ध्रुव, श्रीमती जामुन देवी, श्री प्रताप सिंह मरकाम सहित 14 गांवों के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


