रायपुर में ILD क्लिनिक और लंग ट्रांसप्लांट OPD की शुरुआत, स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए श्री वेंकटेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने MGM Healthcare, चेन्नई के सहयोग से राज्य के पहले समर्पित ILD (Interstitial Lung Disease) क्लिनिक, लंग ट्रांसप्लांट विभाग की OPD तथा एडवांस ICU एवं क्रिटिकल केयर यूनिट का शुभारंभ किया है। यह पहल प्रदेश में उन्नत पल्मोनरी केयर की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
इस नई सुविधा के शुरू होने से अब छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को फेफड़ों की गंभीर बीमारियों और लंग फेल्योर के इलाज के लिए बड़े महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा, साथ ही मानसिक तनाव में भी कमी आएगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह केंद्र रायपुर को लंग ट्रांसप्लांट परामर्श और उन्नत उपचार सेवाओं का प्रमुख हब बनाने की दिशा में काम करेगा।
उल्लेखनीय है कि अस्पताल पहले ही 1500 से अधिक सफल हृदय सर्जरी कर चुका है, जिनमें से अधिकांश अत्याधुनिक मिनिमली इनवेसिव तकनीक से की गई हैं।
उद्घाटन के दौरान विशेषज्ञों ने इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। डॉक्टरों का कहना है कि MGM हेल्थकेयर के सहयोग से अब यहां ECMO सपोर्ट और लंग ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
साथ ही स्थानीय चिकित्सा टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन ने इसे छत्तीसगढ़ में सुपर स्पेशलिटी हेल्थकेयर के नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि उनका लक्ष्य प्रदेशवासियों को किफायती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, डायरेक्टर्स और चिकित्सा स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



