
तुमगांव। थाना तुमगांव में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक द्वारा मर्ग क्रमांक 76/25 धारा 194 बीएनएसएस की जांच पूर्ण कर मामले में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जांच में गवाहों के कथन एवं घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर यह पाया गया कि दिनांक 29 दिसंबर 2025 को मृतक संजू टंडन अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GP 7102 से ग्राम खैरझिटी जयंती कार्यक्रम देखने गया था।
रात्रि करीब 22.45 बजे कार्यक्रम से वापस लौटते समय खैरझिटी रोड पर पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 QB 2955 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मृतक की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में संजू टंडन को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल डायल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर 30 दिसंबर 2025 को सुबह 7 बजे मृतक के भाई शैलेन्द्र टंडन द्वारा थाना तुमगांव में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराई गई। मृतक संजू टंडन पिता रोशन टंडन उम्र 25 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 03 बंगलापारा तुमगांव जिला महासमुंद था।
संपूर्ण मर्ग जांच के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।



