अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

वाहन चेकिंग में बड़ी कार्रवाई: कार से 75 लाख नकद बरामद

महासमुंद। जिले में पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका पर जांच के दौरान एक कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। रकम से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने नगदी, कार और मोबाइल सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उड़ीसा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार (क्रमांक OD 05 PB 2122) को पुलिस ने रोककर जांच की। वाहन चालक ने अपना नाम राजेंद्र महानंद (27) निवासी मुंडापला, थाना बेलपला, जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया।

वहीं उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47) निवासी डेली मार्केट, कांटाबांजी, जिला बलांगीर बताया।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले बैग में 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले, जिनकी कुल राशि 75 लाख रुपये थी।

पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह रकम सोना-चांदी के कारोबार से संबंधित है और कांटाबांजी से रायपुर ले जाई जा रही थी। हालांकि वे इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत कार्रवाई करते हुए नगदी, कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 85 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस मामले की जांच कर नगदी के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button