अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

आकाशीय बिजली का कहर: मनरेगा कार्यस्थल पर दो मजदूरों की मौत, पांच घायल

कांकेर। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कलगांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य के दौरान बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जिनका उपचार अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव में मनरेगा योजना के अंतर्गत तालाब निर्माण कार्य में करीब 50 मजदूर लगे हुए थे। काम के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई। हादसे में गांव के उपसरपंच धनराज पटेल सहित एक अन्य मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है तथा एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button