महासमुंद: धान खरीदी में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, समिति प्रबंधक निलंबित, एफआईआर के निर्देश

महासमुंद। जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच में धान खरीदी व्यवस्था में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने आज समिति का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए। जांच के दौरान पुराने रबी फसल के धान को खपाने, गुणवत्ता विहीन धान की खरीदी तथा तौल प्रक्रिया में गड़बड़ी किए जाने की पुष्टि हुई।
कलेक्टर श्री लंगेह ने इन अनियमितताओं को अत्यंत गंभीर मानते हुए समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश भी जारी किए गए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पिथौरा श्री बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव एवं जिला विपणन अधिकारी श्री आशुतोष कोसरिया भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में सतत निगरानी रखने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों के हितों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



