
रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कंकालीपारा से सामने आया है, जहां स्कूल से घर लौट रही 7 वर्षीय बच्ची को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा कंकालीपारा मेन रोड पर हुआ। तेज रफ्तार वैगनआर कार चला रहे युवक ने पहले एक ई-रिक्शा और दूसरी कार को टक्कर मारी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रही 7 वर्षीय बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के पैर की हड्डी टूट गई है और सिर में भी गंभीर चोट आई है।
घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन और फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
वहीं, इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

