उदंती-सीतानदी के जंगलों में सनसनी: 75 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के तस्करों को संकरा बैरियर पर दबोचा

गरियाबंद: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के घने जंगलों से हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी का रैकेट वन विभाग की सतर्कता से पकड़ा गया। संकरा हाईटेक बैरियर पर महाराष्ट्र के दो तस्करों को 75 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
नगरी-देवभोग मार्ग पर स्थित संकरा बैरियर पर वन विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। तस्कर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) के कोर फॉरेस्ट एरिया के रास्तों का इस्तेमाल कर गांजे की खेप महाराष्ट्र ले जा रहे थे। मुख्य सड़कों की पुलिस चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने जंगल का रूट चुना, लेकिन वनकर्मियों की पैनी नजर से बच न सके।
कार्रवाई का विवरण
महाराष्ट्र पासिंग वाली मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (MH 10 DQ 4294) में सवार दो युवकों पर शक होने पर वनकर्मियों ने उन्हें रोका। डिक्की की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजे के पैकेट बरामद हुए। शुरूआती जांच में जब्त माल की मात्रा 75 किलो बताई गई है।
पकड़े गए आरोपी
स्वप्रिल मलिक (31 वर्ष), पिता- महेश कुमार मलिक, निवासी महाराष्ट्र
संदीप विष्णु खोत (31 वर्ष), पिता- विष्णु खोत, निवासी महाराष्ट्र
आगे की कार्रवाई
सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है कि तस्करी का यह रूट और कहां-कहां तक फैला हुआ है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र को तस्करी के लिए इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। इसकी पूरी जांच की जा रही है।
