छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम: 4 अप्रैल से बारिश, ओले और तेज हवा के आसार

रायपुर। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 4 अप्रैल से रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। खासकर शाम के समय इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है।

सरगुजा और बस्तर संभाग में मौसम का प्रभाव ज्यादा रहेगा, जिसका असर राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी पड़ेगा। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना है।

जगदलपुर और अंबिकापुर में पहले से ही बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है। मौसम में इस बदलाव के चलते वज्रपात और तेज हवा का खतरा भी बढ़ गया है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 4 अप्रैल से प्रदेशभर में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी, जबकि 5 अप्रैल से तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहावना हो सकता है। हालांकि बीच-बीच में गरज-चमक और तेज हवा का दौर जारी रहेगा।

लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें और कमजोर ढांचों व होर्डिंग्स से दूरी बनाए रखें। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button