अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

दोस्तों संग बाजार गया युवक मृत मिला, रंगमंच में संदिग्ध हालत में मिला शव

गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र साहेबिनकछार गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साप्ताहिक बाजार गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव भुतबेड़ा गांव के रंगमंच में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, साहेबिनकछार निवासी 26 वर्षीय तिलचंद मरकाम मंगलवार को अपने दो दोस्तों विक्रम और मकरध्वज के साथ करीब 10 किलोमीटर दूर भुतबेड़ा के साप्ताहिक बाजार गया था।

देर रात दोनों दोस्त अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन तिलचंद वापस नहीं पहुंचा। रातभर परिजन उसके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब सुबह तक कोई खबर नहीं मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

दोस्तों से पूछताछ में पता चला कि तिलचंद भुतबेड़ा में ही रुक गया था। इसके बाद परिजन भुतबेड़ा पहुंचे, जहां गांव के रंगमंच में तिलचंद अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मैनपुर थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस दुर्घटना, हत्या या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button