प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व मंच पर मजबूत हुआ भारत : साय

रायपुर, 13 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका को नई मजबूती दी है। वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता और 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी को इसी बढ़ते प्रभाव और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे देशवासियों के लिए गौरव का अवसर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब केवल अपने राष्ट्रीय हितों को मजबूती से आगे बढ़ाने वाला देश नहीं, बल्कि विकासशील राष्ट्रों और ग्लोबल साउथ की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने वाली प्रमुख शक्ति बनकर उभरा है। BRICS की अध्यक्षता इस भूमिका को और व्यापक बनाने का अवसर प्रदान कर रही है।
भारत ने इस वर्ष “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” को आधार बनाकर संगठन के सामने वैश्विक सहयोग, नवाचार तथा सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने का दृष्टिकोण रखा है। साझा प्रगति, आपसी सहयोग और विकास के नए अवसर तैयार करना इसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
साय ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख हमेशा स्पष्ट और दृढ़ रहा है। दूसरी ओर, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक आधारित विकास मॉडल ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। BRICS जैसे बहुपक्षीय मंच इन अनुभवों को दूसरे देशों तक पहुंचाने तथा नई संभावनाओं पर सहयोग का रास्ता खोलते हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा से राज्यों को भी लाभ मिलेगा। निवेश, तकनीक, नवाचार और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। विकसित भारत के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को BRICS अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग, साझा समृद्धि और ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज के लिए नई दिशा तय करेगा।



