छत्तीसगढ़ में PPP परियोजनाओं को मिलेगी गति, मुख्य सचिव विकासशील ने की समीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
इसी कड़ी में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में सार्वजनिक-निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं के प्रस्तावों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे निवेशकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा और प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।
नवा रायपुर कन्वेंशन सेंटर की निविदा शर्तों पर चर्चा
बैठक में नवा रायपुर में स्थापित होने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेंशन सेंटर की निविदा शर्तों और रियायत समझौते के संशोधित प्रावधानों पर विचार-विमर्श किया गया। अनुभवी डेवलपर्स को आकर्षित करने के लिए तकनीकी पात्रता मानदंडों और परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं की भी समीक्षा की गई।
बिलासपुर ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना पर मंथन
बिलासपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में लॉजिस्टिक्स और परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रस्तावित परियोजना के न्यूनतम विकास दायित्वों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही प्री-बिड बैठक में प्राप्त सुझावों पर भी विचार किया गया।
पंडरी में जेम्स एंड ज्वैलरी पार्क की योजना
रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी की भूमि पर प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वैलरी पार्क के संबंध में राजस्व विभाग द्वारा जारी भूमि आवंटन की शर्तों और प्रावधानों में एकरूपता लाने पर चर्चा हुई। परियोजना की विकास अवधि में समन्वय स्थापित करने के मुद्दे पर भी विचार किया गया।
भिलाई की औद्योगिक परियोजनाएं CSIDC विकसित करेगा
बैठक में भिलाई के कमर्शियल टॉवर और फ्लैटेड फैक्ट्री परियोजनाओं के संबंध में बताया गया कि इन्हें अब छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CSIDC) द्वारा स्वयं विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा धमतरी के औद्योगिक क्षेत्र छाती से संबंधित जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।
बैठक में वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, CSIDC के एमडी श्री विश्वेश कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



