देवभोग में 17 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ओडिशा प्रांत की डबल लाल घोड़ा छाप शराब के 85 पाउच बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब सहित नशीले पदार्थों के परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोसमकानी चार चौक के पास एक व्यक्ति अवैध कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रघुलाल यादव (33 वर्ष), पिता हाथीराम यादव, निवासी ग्राम कोसमकानी, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद बताया।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे में रखी सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी से ओडिशा प्रांत की डबल लाल घोड़ा छाप कच्ची महुआ शराब के 85 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 17 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 4,250 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
रघुलाल यादव, पिता हाथीराम यादव, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम कोसमकानी, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद।
जब्त सामग्री
– ओडिशा प्रांत की डबल लाल घोड़ा छाप कच्ची महुआ शराब
– कुल 85 पाउच
– कुल मात्रा 17 बल्क लीटर



