बसना की तीन प्रतिभाओं को मिला सामाजिक शिक्षा रत्न सम्मान

बसना। छत्तीसगढ़ कलार समाज के शिक्षा प्रकोष्ठ की ओर से राज्य स्तरीय ‘सामाजिक शिक्षा रत्न सम्मान 2026’ समारोह सत्य साईं हॉस्पिटल ऑडिटोरियम, नया रायपुर में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, सामाजिक सेवा और समाजहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, समाजसेवियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी थीं। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय मौजूद रहे। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, प्रांतीय महिला अध्यक्ष प्रमिला सिन्हा और पूर्व प्रांताध्यक्ष भोजराम सिन्हा सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, संस्कार और प्रतिभाओं के विकास से होती है। शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि शिक्षा रोजगार का माध्यम होने के साथ व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का आधार भी है।
बसना के तीन लोगों का सम्मान
समारोह में बसना क्षेत्र की तीन प्रतिभाओं को ‘सामाजिक शिक्षा रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। बसना निवासी एवं कन्या शाला पिथौरा में पदस्थ शिक्षक, नवाचारी शिक्षक, साहित्यकार, पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता गोपेश कुमार डड़सेना को शिक्षा में नवाचार एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों का एकलव्य विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, प्रयास आवासीय विद्यालय और राष्ट्रीय साधन-सह-छात्रवृत्ति योजना में चयन हुआ है।
रसायन शास्त्र में पीएचडी और शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकाश सिन्हा को सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं से सम्मान मिलना गौरव की बात है, लेकिन अपने समाज के बीच सम्मानित होना उनके लिए विशेष गर्व और आत्मीयता का विषय है।
जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा को सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें सामाजिक व राजनीतिक दायित्वों के निर्वहन, क्षेत्रीय विकास, जनसामान्य के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए यह सम्मान दिया गया।
समारोह में प्रदेशभर से समाज के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आयोजन के माध्यम से शिक्षा, संस्कार और सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।



