Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़

बिलासपुर को 38.23 करोड़ की सौगात, खेल कॉम्प्लेक्स से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक बनेंगे नए प्रोजेक्ट

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर मिली मंजूरी, सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्यों से शहर के विकास को मिलेगी गति

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। बिलासपुर शहर के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 38 करोड़ 23 लाख 82 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव की पहल पर राज्य शासन ने इन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति के आदेश जारी किए हैं। योजना के तहत शहर में खेल एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण के साथ सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य कराए जाएंगे।

खेल और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

योजना के अंतर्गत सिरगिट्टी बन्नाक चौक के पास 12 करोड़ 21 लाख 76 हजार रुपये की लागत से खेल कॉम्प्लेक्स और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इससे शहर में खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होने के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जोन क्रमांक-2 में नर्मदा कोल्ड ड्रिंक से गोकने नाला तक 3 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। वहीं, जोन क्रमांक-7 के खमतराई में 4 करोड़ 58 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सड़क और नाली के कार्य कराए जाएंगे।

सड़क, नाली और विद्युतीकरण पर भी जोर

जोन क्रमांक-8 में इंदिरा विहार के पास 3 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से सड़क और व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जोन क्रमांक-7 में बहतराई चौक के पास भक्त माता कर्मा चौक से मोपका बायपास तक 9 करोड़ 38 लाख 44 हजार रुपये की लागत से सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य किए जाएंगे।

जोन क्रमांक-7 में ही 4 करोड़ 99 लाख 25 हजार रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

यातायात और ड्रेनेज की समस्या से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्यों से बिलासपुर में सड़क और जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। नए व्यावसायिक परिसरों से कारोबार के अवसर बढ़ने और नगर निगम के राजस्व में वृद्धि की संभावना है। खेल कॉम्प्लेक्स के निर्माण से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम बढ़ेगा।

राज्य शासन की इस स्वीकृति से बिलासपुर में शहरी अधोसंरचना के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button