स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का जलवा, रायपुर-बिलासपुर-बिल्हा को राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव रायपुर लौटे। विमानतल पर उनका और रायपुर, बिलासपुर व बिल्हा के जनप्रतिनिधियों का स्वच्छता दीदियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया।
नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इन नगरीय निकायों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर अरुण साव ने सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है। प्रदेश की 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियां घर-घर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और जनजागरूकता में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार बिल्हा ने अपनी श्रेणी में राष्ट्रीय पहचान बरकरार रखी, बिलासपुर को देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान मिला, वहीं रायपुर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया।



