Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

महासमुंद में धान खरीदी का शुभारंभ: पहले दिन 616 किसानों से 24,547 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य, झालखम्हरिया में दो किसानों ने बेचा धान

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है।

महासमुंद जिले में धान खरीदी का जिला स्तरीय शुभारंभ झालखम्हरिया धान उपार्जन केंद्र से हुआ। यहां किसानों ने कांटा-बांट की पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।

पहले दिन दो किसानों ने बेचा धान

धान खरीदी के पहले दिन झालखम्हरिया उपार्जन केंद्र में ग्राम लभरा के किसान विमल ध्रुव ने 200 कट्टा और ग्राम पतेरापाली के किसान चेतन चंद्राकर ने 138 कट्टा धान का विक्रय किया। विमल ध्रुव के पास 7 एकड़ और चेतन चंद्राकर के पास 3 एकड़ कृषि भूमि है।

दोनों किसानों ने उपार्जन केंद्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि टोकन के अनुसार धान खरीदी, व्यवस्थित प्रक्रिया और अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

जिले के 188 केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था

जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने बताया कि महासमुंद जिले में पहले दिन 188 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। पहले दिन जिले के 616 किसानों से कुल 24,547 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं झालखम्हरिया केंद्र में इस खरीफ विपणन वर्ष के दौरान लगभग 1,100 किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। शासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना और धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देना है।

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की नजर

कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर जिले में धान खरीदी की निगरानी और अवैध धान परिवहन पर नियंत्रण के लिए 15 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, 14 नवंबर को 300 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम लगातार खरीदी व्यवस्था पर नजर रख रही है, ताकि वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू, समिति अध्यक्ष श्याम साकरकर, खाद्य विभाग एवं सहकारी समिति के नोडल अधिकारी, समिति कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

किसानों से की गई अपील

सीईओ अनुपमा आनंद ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त करने के बाद ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। किसान अपना धान अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप लेकर आएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और खरीदी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखी जाए।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button