
सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। महिला प्रधान आरक्षक चंचल बंसवार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को जुर्म जरायम पता-साजी के दौरान सरायपाली बस स्टैंड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि केजुआ रोड पर एक महिला भारी मात्रा में शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर केजुआ रेस्ट हाउस के पहले जोगनीपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर दबिश दी।
मौके पर बैठी महिला की घेराबंदी कर तलाशी ली गई, जिसमें तीन प्लास्टिक जरकीनों में कुल 50 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान मंजू बेहरा (32 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 2, वीरेंद्र नगर सरायपाली के रूप में हुई है।
आरोपी से शराब रखने व बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में नंबरी अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।



