छत्तीसगढ़महासमुंद

महासमुंद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री दयालदास बघेल ने किया ध्वजारोहण

महासमुंद। महासमुंद जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। देश की आजादी के 79 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया।

समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके मंच पर आगमन के बाद सर्वप्रथम वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया। इसके पश्चात मंत्री श्री बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। प्रशिक्षु सुबेदार श्री ईश्वर साहू के नेतृत्व में 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन एनसीसी, एनएसएस महाविद्यालय एवं विद्यालय, स्काउट, गाइड और रेडक्रॉस सहित कुल 10 टुकड़ियों ने आकर्षक सलामी दी।

समारोह के दौरान मंत्री श्री दयालदास बघेल ने मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश वाचन किया। हर्ष और उत्सव के प्रतीक के रूप में रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इसके बाद प्लाटूनों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय लिया।

इस अवसर पर जिले में निवासरत 19 शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के विभिन्न कार्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 170 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में 12 विद्यालयों के 827 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योग प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित स्कूली छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में 6 शालाओं के बच्चों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिन्दी के देशभक्ति गीतों की संगीतमयी प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद, द्वितीय स्थान महर्षि विद्या मंदिर मचेवा और तृतीय स्थान शासकीय डीएमएस महासमुंद ने प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button