
बसना। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक गढफुलझर के शाखा प्रबंधक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में पहुंचे एक व्यक्ति ने शाखा प्रबंधक के साथ विवाद करते हुए लोहे की पाइप से हमला कर दिया। घटना में शाखा प्रबंधक के दोनों हाथ और सिर में चोटें आई हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वार्ड नंबर 04 कसडोल निवासी एवं वर्तमान में गढफुलझर निवासी शाखा प्रबंधक 14 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे बैंक के सामने खड़े थे।
इसी दौरान ग्राम ठाकुरपाली निवासी तरूणी सेन कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। शाखा प्रबंधक ने उसे समझाइश देकर बैंक के अंदर चले गए।
आरोप है कि तरूणी सेन बैंक के अंदर भी पहुंच गया और बहस करने लगा। इसके बाद शाखा प्रबंधक बैंक से बाहर निकले और बैंक बंद कर करीब 6 बजे अमित साव की दुकान में जाकर बैठ गए।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान तरूणी सेन वहां पहुंचा और शाखा प्रबंधक को बैंक से धक्का देकर बाहर निकालने की बात कहते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
बताया गया है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की पाइप से शाखा प्रबंधक के साथ मारपीट की। हमले में उनके दोनों हाथ और सिर में चोट आई है। घटना के दौरान अमित साव और लेखा साव मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया।
शाखा प्रबंधक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों और आरोपी के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई को लेकर पुलिस द्वारा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



