आस्था का सम्मान, विकास का अभियान: आमामोरा की प्रथम यात्रा में विधायक ध्रुव ने किया देवगुड़ी का भूमिपूजन
तरुण नागेश/गरियाबंद
गरियाबंद: जिले के सबसे दुर्गम और अति संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में शुमार आमामोरा की धरती पर आज एक नया इतिहास लिखा गया। क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री जनक राम ध्रुव ने क्षेत्र की अपनी प्रथम यात्रा के दौरान दुर्गम रास्तों और कठिन चढ़ाई को पार कर ग्रामीणों के बीच दस्तक दी।
आत्मीय स्वागत ने जीता दिल

आमामोरा पहुँचने पर ग्रामीणों ने विधायक ध्रुव का जिस उत्साह और आत्मीयता से स्वागत किया, वह वाकई हृदयस्पर्शी रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्रामीणों ने तिलक लगाकर अपने जनसेवक का सत्कार किया। लंबे समय से उपेक्षित महसूस कर रहे ग्रामवासियों के चेहरों पर विधायक को अपने बीच पाकर एक विशेष मुस्कान और भरोसा दिखाई दिया।
आस्था और विकास का संगम: देवगुड़ी का भूमिपूजन

क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपराओं को सम्मान देते हुए विधायक श्री जनक राम ध्रुव ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें सबसे प्रमुख ‘देवगुड़ी’ का निर्माण है। विधायक ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के इस पवित्र कार्य की आधारशिला रखी।
विधायक ने स्पष्ट किया कि देवगुड़ी न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह आदिवासी संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
दुर्गम रास्तों की परवाह नहीं, लक्ष्य सिर्फ विकास

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा, “आमामोरा जैसे अति संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों का विकास मेरी प्राथमिकता है। यहाँ के ग्रामीणों का प्यार और स्वागत मुझे और अधिक मेहनत करने की शक्ति देता है। रंगमंच और देवगुड़ी जैसे निर्माण कार्यों से गाँव की सामाजिक और सांस्कृतिक ढांचा मजबूत होगा।”


