गवाही देना पड़ा भारी, पिता-पुत्र पर मारपीट का केस दर्ज

सांकरा। सामाजिक मामले में गवाही देने से नाराज पिता-पुत्र ने ग्रामीण को कथित तौर पर गाली-गलौज कर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत जांच के बाद सांकरा पुलिस ने धनुर्जय नेटी और उसके पिता कार्तिक राम नेटी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुशील डडसेना (36) निवासी पेंड्रावन ने पुलिस को बताया कि गांव के रसपाल सिदार के सामाजिक बहिष्कार संबंधी मामले में उसने गवाह के तौर पर बयान दिया था।
इससे नाराज धनुर्जय 6 सितंबर को उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हाथ, पैर व डंडे से हमला किया। आरोप है कि उसने जान से मारने तथा नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी और जाते समय मोटरसाइकिल का वाइजर तोड़ दिया।
सुशील के मुताबिक हमले में उसके गले और हाथ में चोट आई। घटना के गवाह रसपाल सिदार ने भी जांच के दौरान उसके बयान की पुष्टि की।
वहीं, 8 सितंबर को धनुर्जय के पिता कार्तिक राम नेटी द्वारा भी सामाजिक मामले में गवाही देने को लेकर डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत की जांच एसडीओपी पिथौरा कार्यालय द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 324(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



