गोहिरापाली में गाली-गलौज रोकने पर युवक के सिर पर रॉड से हमला, अस्पताल में इलाज जारी

सरायपाली। ग्राम गोहिरापाली में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक युवक पर लोहे की छड़ से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर पर चोट लगी और खून निकलने लगा। घटना के बाद डायल 112 की मदद से घायल को सरकारी अस्पताल सरायपाली पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 17 सितंबर को शशि कुम्हार गांव में मधु के पास बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का बबलू छत्तर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए वहां से गुजर रहा था। शशि ने उसे गाली देने से मना किया तो आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बबलू छत्तर ने छड़ से शशि कुम्हार के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से उसके सिर से खून निकलने लगा। घटना के दौरान मधु जाल और नरेश कुमार ने बीच-बचाव किया तथा घटना को देखा-सुना।
इसके बाद डायल 112 की सहायता से घायल शशि को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सरायपाली लाया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।



