सम्हर में दिनदहाड़े चोरी, घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर ले गए चोर

तेंदूकोना। ग्राम सम्हर में परिवार के खेत पर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला खोलकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना का पता दोपहर में घर लौटने पर चला। पीड़ित की शिकायत पर तेंदूकोना पुलिस ने BNS की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुरुषराम पटेल (58) 19 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी बिमला बाई और बेटी संतोषी बाई के साथ खेत में काम करने गए थे। घर में ताला लगाकर उसकी चाबी छज्जे पर रखी गई थी। दोपहर करीब 2 बजे उनका नाती नोमेष स्कूल से घर पहुंचा, तो मुख्य गेट का ताला खुला मिला।
अंदर जाने पर कमरे और गोदरेज आलमारी का ताला भी खुला हुआ था। परिवार के लौटने के बाद आलमारी की जांच की गई, तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
शिकायत के मुताबिक चोरी गए सामान में चांदी का एक जोड़ी लच्छा, करीब 20 तोला कीमत लगभग 14 हजार रुपये, चार चांदी की बिछिया, करीब 4 तोला कीमत 2,800 रुपये, चार चांदी की ऐंठी, करीब 28 तोला कीमत 19,600 रुपये तथा करीब 5 ग्राम सोने का खिनवा टाप, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए आभूषणों के बिल उसके पास नहीं हैं, लेकिन वह उन्हें देखकर पहचान सकता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


