Follow Us on Our Social Media
महासमुंद
Trending

सेवा संकल्प अभियान के तहत पिथौरा में पौधारोपण, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिलाया संरक्षण का संकल्प

Follow Us on Our Social Media

पिथौरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा अनुसूचित जाति कन्या आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया, जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम घृतलहरे, जनपद अध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि पुरुषोत्तम घृतलहरे, वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, सतपाल सिंह छाबड़ा, पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल, दिलीप निषाद, एल्डरमैन किशोर पटेल और संजय गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

पौधारोपण के साथ संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आश्रम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। पौधारोपण के बाद सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा और संवर्धन का संकल्प लिया। वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल और सुरक्षा करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जल संकट और पर्यावरण में हो रहे बदलाव प्रकृति के संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित करते हैं।

उन्होंने कहा कि पेड़ ऑक्सीजन देने के साथ मिट्टी एवं जल संरक्षण तथा जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पौधारोपण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है।

युवाओं से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। पर्यावरण संरक्षण भी समाजसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र में हरियाली का विस्तार किया जा सकता है। वन केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि जल, जमीन, जीव-जंतुओं और मानव जीवन के प्राकृतिक संतुलन का आधार हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने भी लिया संकल्प

कार्यक्रम में फॉरेस्ट एसडीओ यू.आर. बसंत, रेंजर अतरंग पांडे, खंड प्रभारी कमलेश ठाकुर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा लोगों को पौधारोपण और पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button