Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद
Trending

कैरेटों के नीचे छिपा था 560 किलो गांजा, रेहटीखोल में पकड़ा गया वाहन

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिंघोड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के रेहटीखोल के पास एक टाटा आयशर माजदा वाहन से 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।

मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये है। वाहन, मोबाइल और अन्य जब्त सामग्री सहित कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को सिंघोड़ा थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक नीलांबर सिंह नेताम हमराह स्टाफ के साथ अपराध पतासाजी के लिए निकले थे।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गेरुआ-पीले रंग के टाटा आयशर माजदा Pro3015 वाहन क्रमांक MH18BG7546 में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर तस्करी की जा रही है।

सूचना से सरायपाली एसडीओपी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने NH-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का वाहन पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

वाहन में सवार लोगों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष), निवासी सोनबर्डी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव और स्वराज महाजन (25 वर्ष), निवासी कसोदा-आडगांव, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में कैरेटों के नीचे छिपाकर रखी गई 16 प्लास्टिक बोरियों में गांजा होने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक बोरी में 35 किलोग्राम गांजा था। इस तरह कुल 560 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बरहमपुर से महाराष्ट्र के जलगांव ले जाने की बात बताई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत का टाटा आयशर वाहन और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button