पिथौरा में जुटेंगी प्रदेशभर की महिलाएं, 31 अक्टूबर को प्रतिभाओं का होगा सम्मान

पिथौरा/बसना। छत्तीसगढ़ कलार समाज महिला मंच के तत्वावधान में 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को प्रदेश स्तरीय महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विधि, शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली समाज की प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान दिलाना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और समाज में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
विधायक सम्पत अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में बसना विधायक सम्पत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कलार समाज महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला पुनीत सिन्हा करेंगी। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ कलार समाज के मुख्य प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा उपस्थित रहेंगे।
वहीं, अतिविशिष्ट अतिथियों में महासमुंद विधायक राजु सिन्हा, उत्तर रायपुर विधायक पुरन्दर मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत महासमुंद की सभापति रामदुलारी सिन्हा, प्रदेश संरक्षक दीपक सिन्हा, जिला अध्यक्ष नीरज गजेंद्र, जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा तथा पिथौरा जनपद सदस्य सुमन जितेन्द्र सिन्हा शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और समाज के स्वजातीय बंधु-बहनें भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और प्रतिभा सम्मान
आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की सहभागिता बढ़ाई जाएगी। अतिथियों के स्वागत और उद्बोधन के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ेगा। समारोह का मुख्य आकर्षण प्रतिभा सम्मान होगा, जिसमें डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, द्वितीय श्रेणी के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षिकाएं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन के माध्यम से समाज की युवतियों और महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका और उनकी उपलब्धियों पर चर्चा होगी।
यह रहेगी कार्यक्रम की समय-सारणी
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन से होगी। सुबह 10:30 से 11 बजे तक अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद गतिविधियां होंगी। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अतिथियों का स्वागत एवं उद्बोधन होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अंत में दोपहर 3:30 से 4 बजे तक आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रही टीम
कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में अशोक सिन्हा, प्रदेश संयोजक, आदर्श विवाह जनगणना प्रकोष्ठ तथा यशवंत सिन्हा जिम्मेदारी संभालेंगे। मंच संचालन लेखिका सिन्हा, विद्या सिन्हा, पुष्पांजली सिन्हा, धनेश्वरी सिन्हा और लता सिन्हा दीवान करेंगी।
मंचीय व्यवस्था, भोजन तथा अतिथियों के स्वागत-सम्मान की जिम्मेदारी स्थानीय कौड़िया परिक्षेत्र के पदाधिकारियों और महिला मंच की टीम को सौंपी गई है। इसमें श्रीमती मिथिलेश सिन्हा, श्रीमती मीना सिन्हा, अनुराधा डडसेना, देवकी सिन्हा, नीता डडसेना, संतोषी डडसेना, धार्मिन डडसेना, रूपा डडसेना, पूजा सिन्हा और दीपक देवी गजेंद्र सहित अन्य सदस्य सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी छत्तीसगढ़ कलार समाज महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला पुनीत सिन्हा, संरक्षक श्रीमती किरण सिन्हा, महामंत्री श्रीमती त्रिवेणी सिन्हा एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती संजू सिन्हा ने संयुक्त रूप से दी। आयोजन समिति ने प्रदेशभर के समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि ऐसे आयोजन महिलाओं के योगदान को सम्मान देने, समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



