Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

हर महीने 4% मुनाफे का लालच देकर 3.12 करोड़ की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

Follow Us on Our Social Media

धमतरी। शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा देकर निवेशकों से 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की रकम जुटाने वाले आरोपी को धमतरी पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान 37 वर्षीय विक्रम सिंह शाह के रूप में हुई है। वह धमतरी में ‘वेल्थ ट्रैकर’ नाम से कार्यालय संचालित कर निवेशकों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी निवेशकों को हर महीने 4 प्रतिशत निश्चित मुनाफा देने का लालच देता था। लोगों का भरोसा जीतने के लिए वह स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता और रकम की सुरक्षा के नाम पर बैंक चेक भी देता था। शुरुआत में कुछ महीनों तक निवेशकों को मुनाफे की रकम दी गई, जिससे उनका भरोसा बढ़ता गया। इसके बाद लोगों ने लाखों रुपये निवेश कर दिए। आरोप है कि बाद में आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया और फरार हो गया।

25 लाख की शिकायत से खुला करोड़ों की ठगी का मामला

मामले का खुलासा बालोद जिले के गुरूर निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू की शिकायत से हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उनसे और उनके परिवार के सदस्यों से 25 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की गई। घटनास्थल धमतरी सिटी कोतवाली क्षेत्र का होने के कारण मामले की जांच धमतरी पुलिस ने शुरू की।

कई निवेशकों से लाखों रुपये लेने का आरोप

पुलिस की जांच में अब तक 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी सामने आई है। इसमें संगीता सिन्हा से 81 लाख, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख, भूषण सिन्हा से 28 लाख, चेतन सिन्हा से 16 लाख और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये लेने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य निवेशकों और रकम से जुड़े लेन-देन की भी जांच कर रही है।

तकनीकी साक्ष्यों से इंदौर तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के इंदौर में छिपे होने का पता चला। इसके बाद टीम ने दबिश देकर 29 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल, टैबलेट और दस्तावेज जब्त

आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, निवेशकों के नोटरीकृत इकरारनामे और बैंक चेक जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निवेशकों से वसूली गई करोड़ों रुपये की रकम कहां और किस काम में खर्च की गई। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने निवेशकों से की सतर्क रहने की अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निश्चित एवं असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का वादा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति या संस्था को निवेश की रकम देने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और विश्वसनीयता की जांच जरूर करें। पुलिस के मुताबिक, केवल नोटरीकृत एग्रीमेंट या बैंक चेक को निवेश की सुरक्षा की गारंटी नहीं मानना चाहिए।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button