उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने मनाया चौथा स्थापना दिवस, चिकित्सा सेवाओं और उपलब्धियों का हुआ सम्मान
महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने की अस्पताल की सेवाभावना की सराहना, डॉक्टरों और कर्मचारियों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

रायपुर। राजधानी के प्रतिष्ठित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल का चौथा स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त डॉ. ममता साहू शामिल हुईं। अस्पताल की डायरेक्टर नम्रता सिंह और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। वहीं मेडिकल एग्जीक्यूटिव जसपाल भामरा ने सभी की ओर से अस्पताल के दोनों निदेशकों का स्वागत किया।
चार वर्षों में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में बनाई पहचान
मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने अपने संबोधन में अस्पताल की चार वर्षों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चार वर्ष का समय बहुत लंबा नहीं होता, लेकिन इतने कम समय में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। निजी अस्पताल होने के बावजूद आम लोगों को सेवाभाव और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय है।
उन्होंने अस्पताल की डायरेक्टर नम्रता सिंह, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह सहित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि अस्पताल भविष्य में भी गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सेवा इसी समर्पण के साथ जारी रखेगा।
उर्मिला फाउंडेशन के जरिए जरूरतमंदों तक पहुंच रहीं स्वास्थ्य सेवाएं
अस्पताल की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने चार वर्षों की विकास यात्रा साझा करते हुए बताया कि उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की स्थापना स्वर्गीय श्रीमती उर्मिला देवी की स्मृति और उनके सेवाभाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि अस्पताल लगातार अपने उद्देश्य को साकार करने की दिशा में काम कर रहा है। उर्मिला फाउंडेशन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जटिल ऑपरेशनों में हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धियां
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने अस्पताल की चिकित्सा उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में यहां गंभीर पेट संबंधी बीमारियों, हर्निया, पित्त की पथरी, हृदय रोग, मस्तिष्क रोग, हड्डी रोग और स्त्री रोग से संबंधित सैकड़ों सफल एवं जटिल ऑपरेशन किए गए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ कम खर्च में उच्चस्तरीय उपचार देना अस्पताल का प्रमुख उद्देश्य है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। गीत, नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके साथ ही कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जागरूकता एवं सुरक्षा पर आधारित प्रेरक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में अस्पताल के सीओओ कृष्ण कुमार दुबे ने मुख्य अतिथि, गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों और सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अस्पताल के एचआर जयदीप ने किया।



