भनपुरी की गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में भीषण आग

रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, डीआईजी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ तथा अग्निशमन सेवाओं के निदेशक अजातशत्रु बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप सहित जिला प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। दमकल की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और आग बुझाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं। अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नभसिंह कोसले और तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर डटे रहे।
आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहे। दमकल कर्मियों के लगातार प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही अधिकारी घटनास्थल से रवाना हुए।



