बसना में नशीली सिरप और टैबलेट की तस्करी का भंडाफोड़, कार में सवार 5 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद/बसना। बसना में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली सिरप की 15 शीशियां, नशीली टैबलेट के 9 पत्ते, एक नीले रंग की बलेनो कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5 लाख 78 हजार 765 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र भोई को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से नीले रंग की बलेनो कार क्रमांक CG 04 PA 9622 में कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली सिरप और टैबलेट लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की तैयारी की।
पुलिस टीम ने पदमपुर रोड पर थाना बसना के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया। वाहन में पांच लोग सवार थे।
पूछताछ में उनकी पहचान गुलशन कुमार वर्मा (27), निवासी सिलतरा रायपुर, सूरज पुष्टि (21), निवासी कांटाभांजी जिला बलांगीर ओडिशा, मनीष साहू (31), निवासी तेलीबांधा रायपुर, नितेश कुमार बारले (20), निवासी सिलतरा रायपुर और अजय कुमार साहू (40), निवासी सरगांव साबा जिला मुंगेली के रूप में हुई।
कार की डिक्की में मिली नशीली दवाएं
वाहन की तलाशी के दौरान डिक्की में रखे राजश्री पान मसाला लिखे कपड़े के थैले से कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त सिरप की 15 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप था। इसके अलावा नाइट्राजेपाम टैबलेट के 9 पत्ते मिले, जिनमें कुल 90 टैबलेट थीं।
पुलिस ने आरोपियों से दवाओं के परिवहन और रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सिरप, टैबलेट, बलेनो कार और पांच मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।
5.78 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में 3,045 रुपये की नशीली सिरप, 720 रुपये की टैबलेट, 5 लाख रुपये की बलेनो कार और 50 हजार रुपये के पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। कुल जब्ती की कीमत 5,78,765 रुपये आंकी गई है।
मामले में पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 14 नवंबर को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।



