पुरानी जमीन विवाद को लेकर महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम पलसापाली में पुरानी जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
आरोप है कि खेत में काम करने गई महिला के साथ गांव के धनुर्जय साहू ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के व पैर से मारपीट की।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम पलसापाली निवासी महिला 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे अपने खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान धनुर्जय साहू ने पुरानी जमीन संबंधी बातों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने महिला को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के एवं पैर से मारपीट की।
मारपीट में महिला के दाहिने कंधे, सिर, बाएं पैर और दोनों घुटनों में चोट लगने के साथ दर्द होने की बात कही गई है। महिला ने घटना की जानकारी अपने पति डमरूधर साहू, जेठ गजानंद साहू और जेठानी रामबाई साहू को दी। इसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।



