50 साल पहले टॉर्च की रोशनी में होता था छठ पूजन,आज हजारों व्रतियों से जगमगा रहा नरैया तालाब घाट; 85 वर्षीय लखपति बाई की भावुक कहानी

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब छठ घाट में लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को हजारों छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आकर्षक विद्युत सजावट, सजे हुए घाट और व्यापक व्यवस्थाओं के बीच पूरा परिसर छठी मइया के जयकारों से गूंज उठा।
50 साल पहले टॉर्च लेकर पहुंचती थीं लखपति बाई
इस बार नरैया तालाब छठ घाट पर सबसे भावुक कर देने वाली कहानी 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे की रही। उन्होंने करीब पांच दशक पहले नरैया तालाब में छठ पूजा की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय घाट नहीं बने थे। उनके पति पुलिस विभाग में नौकरी करते थे और परिवार पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रहता था।
वे बच्चों के साथ सुबह और शाम तालाब किनारे छठ पूजा करने पहुंचती थीं। उस समय चारों ओर घना अंधेरा रहता था, इसलिए टॉर्च लेकर घाट तक जाना पड़ता था। पूजा के दौरान तालाब की मछलियां पानी से बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को मछलियों से बचाना भी एक चुनौती होती थी।
पुराने दिनों को याद करते हुए लखपति बाई भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज तक छठ पूजा के लिए उत्तर प्रदेश या बिहार जाने की जरूरत महसूस नहीं की।
छत्तीसगढ़ की धरती पर ही कमाया, यहीं खाया और अब इसी मिट्टी में समा जाना है। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ से सुंदर और सुकून देने वाली जगह दुनिया में कहीं नहीं है। खास बात यह है कि 85 वर्ष की उम्र में भी वे आज चार पीढ़ियों को साथ लेकर छठ घाट पहुंचती हैं।
पांच दशक से जारी है नरैया तालाब में छठ पूजा की परंपरा
नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि इस तालाब में पिछले करीब पांच दशकों से छठ पूजा की परंपरा चली आ रही है।
उस दौर में जब शहर में मुख्य रूप से आमा तालाब और व्यास तालाब में छठ पूजा होती थी, तब से ही नरैया तालाब में भी व्रती महिलाएं सूर्य उपासना करती आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि हर साल श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आयोजन की व्यापक तैयारियां की जाती हैं। रायपुर नगर निगम का भी लगातार सहयोग मिलता है। घाट की साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में निगम और समिति के सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं।
घाट पर रोशनी, टेंट और भंडारे की व्यवस्था
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर स्वागत द्वार, लाइटिंग, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने बेहतर साफ-सफाई के लिए नगर निगम प्रशासन तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग का आभार जताया।
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन
चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद नरैया तालाब छठ घाट पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।



