Follow Us on Our Social Media
महासमुंद
Trending

आधुनिक भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति का आधार है अध्यात्म : विधायक डॉ. संपत अग्रवाल

Follow Us on Our Social Media

बसना। नगर के आदर्श नगर में आयोजित भव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया।

कथा स्थल पर पहुंचकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक पूज्य सलिल कृष्ण गुरु जी को साष्टांग प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण भगवान श्रीकृष्ण का वाङ्मय स्वरूप है। भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्रदान करने के साथ जीवन में धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। राजा परीक्षित और शुकदेव जी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भागवत ज्ञान मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य और मोक्ष के मार्ग से परिचित कराता है।

उन्होंने कहा कि आज की आधुनिक भागदौड़ भरी जिंदगी में मनुष्य तनाव, प्रतिस्पर्धा और भौतिकता की दौड़ में उलझता जा रहा है। ऐसे समय में अध्यात्म और सत्संग मानसिक शांति का मजबूत आधार हैं। धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विशेषकर युवा पीढ़ी को धर्म, संस्कार और मर्यादा से जोड़ने के लिए ऐसे ज्ञान यज्ञों का आयोजन आवश्यक है।

विधायक ने गोस्वामी तुलसीदास जी की चौपाई ‘बिनु सत्संग विवेक न होई’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्संग से ही मनुष्य में सही और गलत का विवेक विकसित होता है।

भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बेहतर जीवन जीने की कला भी सिखाती है। आदर्श नगर में आयोजित यह धार्मिक आयोजन पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और भक्तिभाव का संचार कर रहा है। उन्होंने आयोजन समिति को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पूज्य सलिल कृष्ण गुरु जी, आयोजक गौरी शंकर सिन्हा, भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कामेश बंजारा, जनपद पंचायत बसना उपाध्यक्ष मोहित पटेल, भाजयुमो बसना अध्यक्ष आकाश सिन्हा, पठियापाली सरपंच त्रिलोचन भोई, विधायक के निज सचिव नरेंद्र बोरे, भाजयुमो उपाध्यक्ष प्रमित साहू सहित राकेश डडसेना, दीपक सिन्हा, रूपेश इजरदार, दशरथ डड़सेना, संजय सिन्हा एवं समस्त सिन्हा परिवार के सदस्य, आयोजन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button