NH-53 पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, चालक की दर्दनाक मौत

सरायपाली। महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हर्राटार के पास पठानिया ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक स्टेयरिंग में फंस गया और गंभीर चोटें आने से उसकी जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दिनेश कुमार पटेल ट्रक क्रमांक OD15X2155 का चालक था। वह 14 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे ओडिशा के झारसुगुड़ा से एमएस ब्लेड लोड कर भिलाई के लिए रवाना हुआ था। 15 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे वह सरायपाली थाना क्षेत्र के हर्राटार स्थित पठानिया ढाबा के सामने NH-53 पर पहुंचा था।
इसी दौरान तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे में चालक दिनेश कुमार पटेल ट्रक के स्टेयरिंग में फंस गया। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस की मदद से उसे शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



