Follow Us on Our Social Media
महासमुंद
Trending

घने कोहरे में सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई एम्बुलेंस, दो मरीजों की मौत, तीन घायल

Follow Us on Our Social Media

बागबाहरा।  बागबाहरा में घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। NH-353 पर देवाशिष स्कूल के पास सड़क पर बिना किसी चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था के खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार बोलेरो एम्बुलेंस जा टकराई।

हादसे में एम्बुलेंस में सवार दो मरीजों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की सुबह करीब 5 से 5:15 बजे के बीच की है। ग्राम मालीडीह निवासी देवेंद्र चंद्राकर की बोलेरो एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 को चालक भरत सिन्हा महासमुंद से दो मरीजों और उनके तीन परिजनों को लेकर ओडिशा की ओर जा रहा था।

इसी दौरान बागबाहरा सब्जी मंडी के आगे देवाशिष स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर ट्रक क्रमांक CG 06 GR 8455 खड़ा था। शिकायत के मुताबिक, ट्रक के पीछे न तो कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया था और न ही रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

घटना के समय सुबह घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता काफी कम थी। ऐसे में एम्बुलेंस चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया और एम्बुलेंस पीछे से ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस में सवार उत्तरा दोरा और बसंता प्रधान की मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी दोरा, कल्याणी दास और बढ़िया प्रधान घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है।

घटना के बाद एम्बुलेंस मालिक देवेंद्र चंद्राकर ने थाना बागबाहरा में लिखित शिकायत देकर ट्रक चालक एवं मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 285, 125(ए), 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 122/177 और 134/187 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button