वनकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले 10 आरोपियों की जमानत निरस्त, सभी जेल भेजे गए

महासमुंद। वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की गश्ती टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्हें करीब चार घंटे तक बंधक बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने प्रकरण में अंतरिम जमानत पर चल रहे सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी है। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामला महासमुंद वनमंडल के वन परिक्षेत्र बागबाहरा अंतर्गत आमाकोनी वृत्त के ग्राम तमोरा स्थित वन कक्ष क्रमांक 95 एवं 96 का है। घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। वन विभाग की टीम वन क्षेत्र में गश्त और वन भूमि की सुरक्षा के लिए पहुंची थी। इसी दौरान ग्राम तमोरा के कुछ लोगों ने वनकर्मियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि लाठी-डंडों से हमला करने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई और वन विभाग की टीम को रात करीब 7:30 बजे से 11:30 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान शासकीय कार्य में भी बाधा पहुंचाई गई।
घटना के संबंध में वन विभाग के कर्मचारी नवीन वर्मा ने 7 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 351(3), 221, 132, 127(2), 191(2), 140(3) एवं 121(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। हालांकि, सभी आरोपी प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद की अदालत से निर्धारित शर्तों पर अंतरिम जमानत पर थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की जमानत निरस्त करने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया। साक्षियों को डराने-धमकाने और निष्पक्ष विवेचना प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए न्यायालय ने सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी।
इसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद द्वारा आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। पुलिस ने 20 नवंबर 2026 को वारंट की तामिली करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये हैं गिरफ्तार किए गए 10 आरोपी
- लक्ष्मी ध्रुव (35 वर्ष), पति प्रदीप ध्रुव।
- टेमिन बाई (57 वर्ष), पति शत्रुघ्न ध्रुव।
- कलाबाई (56 वर्ष), पति कार्तिक राम खैरवार।
- लक्ष्मी बाई (29 वर्ष), पति हेमन साहू।
- प्रदीप ध्रुव (38 वर्ष), पिता इतवारी ध्रुव।
- सुखराम (45 वर्ष), पिता सधवा राम।
- गणेश (39 वर्ष), पिता देवनारायण यादव।
- चंदन (36 वर्ष), पिता मोहन निषाद।
- संतकुमार (48 वर्ष), पिता दुर्जन खैरवार।
- लक्ष्मी (30 वर्ष), पति पन्नालाल खैरवार।
सभी आरोपी ग्राम तमोरा, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद के निवासी हैं।
वन विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण, वन संपदा को नुकसान पहुंचाने और वन अधिकारियों-कर्मचारियों के शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा शासकीय वन भूमि के संरक्षण के लिए वनकर्मी लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके साथ मारपीट, बंधक बनाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसी घटनाओं पर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



