पति से शराब के उधार पैसे मांगने पर महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम जोगनीपाली में शराब के उधार पैसे मांगने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे मांगने पहुंचे एक व्यक्ति ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पत्थर से हमला किए जाने के कारण महिला के पैर में चोट आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हारी थाना बसना की रहने वाली महिला वर्तमान में ग्राम जोगनीपाली में अपने मायके आई हुई थी। वह मितानिन का कार्य करती है। महिला के मुताबिक, 27 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे गांव का जयकृष्ण दास उसके मायके घर के सामने पहुंचा और उसके पति द्वारा शराब उधार लेने की बात कहते हुए पैसे मांगने लगा।
महिला ने जब इस संबंध में जानकारी नहीं होने और पति से बात करने की बात कही, तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। महिला द्वारा विरोध करने पर उसने पैसे नहीं देने की स्थिति में पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्के से मारपीट की और फर्श का पत्थर फेंककर हमला कर दिया। इससे महिला के बाएं पैर के अंगूठे और उंगलियों में चोट लगी तथा खून निकलने लगा।
महिला ने बताया कि घटना के दौरान शिवदास और श्यामदास मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



