Follow Us on Our Social Media
Trending Newsछत्तीसगढ़
Trending

रायपुर एयरपोर्ट की बदलेगी तस्वीर, अब हर घंटे 35 विमानों की आवाजाही की तैयारी; कोहरे में भी होगी आसान लैंडिंग

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण की बड़ी तैयारी की जा रही है। आने वाले समय में एयरपोर्ट की विमान परिचालन क्षमता करीब तीन गुना बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने बुधवार को अपनी पहली पत्रकार वार्ता में विकास योजनाओं की जानकारी दी।

हर घंटे 12 से बढ़कर 35 विमानों की आवाजाही

एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक, वर्तमान में रायपुर एयरपोर्ट के एकमात्र रनवे से प्रति घंटे करीब 12 विमानों का परिचालन संभव है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की प्रस्तावित योजना के तहत पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और अतिरिक्त एप्रन विकसित किए जाएंगे।

इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद पहले चरण में प्रति घंटे 24 और दूसरे चरण में करीब 35 विमानों की आवाजाही संभव हो सकेगी। इससे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में लगने वाला समय कम होगा तथा एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।

घने कोहरे में भी होगी विमानों की लैंडिंग

सर्दियों में घने कोहरे के कारण विमान परिचालन प्रभावित होने की समस्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर CAT-II अप्रोच सिस्टम लागू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। वर्तमान व्यवस्था में विमानों की लैंडिंग के लिए करीब 550 मीटर दृश्यता जरूरी होती है। नई तकनीक लागू होने के बाद निर्धारित परिचालन शर्तों के तहत 300 मीटर दृश्यता में भी विमान उतर सकेंगे। इससे कोहरे के दौरान उड़ानों के प्रभावित होने की समस्या कम होने की उम्मीद है।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर काउंटर टेररिज्म कंटिंजेंसी प्लान (CTCP) को नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी के बाद एयरपोर्ट के सिटी साइड क्षेत्र में भी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे बाहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ वाहनों के बीच होने वाले विवादों पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

रोजाना 9 हजार से ज्यादा यात्री कर रहे सफर

रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 8 हजार से 9,500 यात्री आवाजाही कर रहे हैं। वहीं, रोजाना 60 से 68 विमानों का परिचालन हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब 25 लाख यात्रियों ने एयरपोर्ट से यात्रा की थी, जबकि 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 27 लाख से अधिक हो गया। वर्तमान टर्मिनल की सालाना क्षमता 32 लाख यात्रियों की है।

यात्रियों को मिलेंगी ये नई सुविधाएं

एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए डिजीयात्रा सेवा, 15 चेक-इन काउंटर और चौथी एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा चौथे एयरोब्रिज को जल्द चालू करने की तैयारी है। विमानों की पार्किंग क्षमता बढ़ाते हुए पार्किंग स्टैंड की संख्या 9 से बढ़ाकर 13 कर दी गई है।

टर्मिनल के बाहर भी बदलेगी यातायात व्यवस्था

एयरपोर्ट के बाहर जाम और अव्यवस्थित यातायात से राहत दिलाने के लिए टर्मिनल के सामने सात-सात मीटर चौड़ी दो अतिरिक्त लेन बनाई जा रही हैं। वहीं, निकासी मार्ग को दो लेन से बढ़ाकर चार लेन करने की योजना है।

यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए 110 मीटर लंबा और 21 मीटर चौड़ा कैनोपी बनाया जाएगा। लेन निर्माण का काम जनवरी 2027 तक और कैनोपी का निर्माण मार्च-अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके साथ ही टर्मिनल के अंदर शौचालयों का चरणबद्ध आधुनिकीकरण किया जा रहा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने वीआईपी आगमन के दौरान सरकारी वाहनों को टर्मिनल के सामने लंबे समय तक खड़ा नहीं करने की अपील भी की है। उन्होंने निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और अतिथियों के आगमन से पांच से दस मिनट पहले ही वाहनों को टर्मिनल के सामने लाने का सुझाव दिया है।

भविष्य की जरूरतों के हिसाब से हो रहा विस्तार

रायपुर एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार से छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। विमान परिचालन क्षमता बढ़ने, कोहरे में बेहतर लैंडिंग सुविधा और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण से आने वाले वर्षों में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक हवाई सफर मिल सकेगा।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button